खेत में जुताई के दौरान मिल गया चांदी के सिक्कों और जेवरों से भरा कलश, मिनटों में मची लूट



खेतों की जुताई करने वाले किसान को एक झटके में फसल बोने से पहले ही उसकी मेहनत का फल मिला। नाजिम नाम के इस किसान का खेतों में हल टकराया। ट्रैक्टर से मालिक के खेत जोत रहे नाजिम ने फंसे ट्रैक्टर को निकालने के लिए झटका दिया। कुछ ही पल में खेतों में उसे चांदी के सिक्के और जेवर बिखरे नजर आए। पास में एक कलश पड़ा था। वह कुछ समझ पाता उससे पहले ही वहां लूट मच गई और लोग सारे सिक्के लूट ले गए। खेत के मालिक और नाजिम को एक भी सिक्का नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि मामला यूपी के अमरोहा का है। गंगदेव गांव में रहने वाले शौकत अली ने अपने खेत की जुताई के लिए एक ट्रैक्टर किराए पर लिया था। नाजिम नाम का ट्रैक्टर ड्राइवर खेत जोत रहा था। इसी दौरान अचानक हल किसी चीज में फंस गया। नाजिम ने झटका देकर हल निकाला तो खेतों में एक कलश बिखर गया। उस कलश में भरे चांदी के सिक्के और जेवर बिखरे नजर आए।

कुछ ही देर में लोगों ने बटोरे सिक्के
नाजिम ने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक आस-पास खेतों में काम कर रहे लोग वहां उमड़ पड़े। गांव तक खबर फैली और दर्जनों लोग सिक्के और जेवर लूटकर ले गए। वह लोगों को भगाता रहा, चिल्लाता रहा लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। पलक झपते ही सब वहां से गायब हो गया।

पुलिस के साथ भी हुई झड़प

अमरोहा के पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने कहा कि पुलिस को इस घटना के बारे में सूचना मिली थी। नोक-झोंक होने के बाद, पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके से कुछ लोगों के पास से चांदी के कुछ सिक्के और आभूषण बरामद किए। जांच जारी है। बरामद सिक्के और आभूषण जिला मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए गए। सिक्कों को राज्य के खजाने में जमा किया जाएगा।

2 किलो चांदी के सिक्के और जेवर बरामद

पुलिस सूत्रों के अनुसार खेतों में मिले सिक्के 19 वीं सदी के बताए जा रहे हैं। फिलहाल इसकी पुष्टि के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है। पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए चांदी के सिक्के और जेवर करीब 2 किलो के हैं।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post